अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ को चढ़ाया एक करोड़, पांच महीने में दूसरी बार दर्शन को पहुंचे
बाबतपुर (वाराणसी) हिटी। रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी पांच महीने के भीतर दूसरी बार सोमवार को अचानक वाराणसी पहुंचे और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाकर शीश नवाया। उन्होंने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन और अभिषेक किया। इसके साथ ही मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान भी अर्पित किया। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के साथ ही अनंत अंबानी ने मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इससे पहले वे इसी वर्ष 16 जून को बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा का दर्शन-पूजन करने काशी आए थे। दोनों ही अवसरों पर उनका यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिक और केवल दर्शन-पूजन के लिए ही समर्पित रहा। इसे लेकर श्रद्धालुओं और काशीवासियों के बीच उनकी गहरी आस्था की चर्चा रही।
तय कार्यक्रम के अनुसार, अनंत अंबानी मुंबई से विशेष चार्टर विमान द्वारा शाम करीब 4:10 बजे बाबतपुर के लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरे। एयरपोर्ट के वीवीआईपी लाउंज में कुछ देर विश्राम करने के बाद वे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से शहर के लिए रवाना हुए। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका काफिला श्री काशी विश्वनाथ धाम के वीआईपी गेट पर पहुंचा।
यहां जैसे ही वे कार से नीचे उतरे, पहले से मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग उत्साहित हो उठे और उनकी तस्वीर अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे। अनंत अंबानी ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और सुरक्षाकर्मियों के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया।
वीवीआईपी लाउंज में वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने उनकी अगवानी की। गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन संपन्न करने के बाद उन्होंने मंदिर के स्वर्ण शिखर का भी हाथ जोड़कर नमन किया।
मां अन्नपूर्णा का किया विशेष कुमकुम पूजन
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अनंत अंबानी पैदल ही मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। वहां मंदिर के 21 ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर के अर्चक पप्पू जी के आचार्यत्व में उनका 15 मिनट तक विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया गया।
पूजन के बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। दर्शन-पूजन के बाद वह मंदिर से ही बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और रात 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई के लिए रवाना हो गए।
शादी के बाद भी पत्नी के साथ पहुंचे थे अनंत अंबानी
जून में अनंत अंबानी ने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के साथ दुर्गाकुंड स्थित दुर्गामंदिर, संकटमोचन और कालभैरव दरबार में भी हाजिरी लगाई थी। उससे पहले अपने विवाह के बाद भी अनंत अंबानी अपनी धर्मपत्नी के साथ काशी की धार्मिक यात्रा पर आए थे।